Tuesday, September 30, 2008

पेंट्स से सीसा अलग

अब विश्व समुदाय ने सीसा युक्त पेंट्स से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से निपटने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत पेंट्स से सीसा को अलग करने की बात है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम [यूएनईपी] द्वारा गठित एक संस्था रसायनिक सुरक्षा पर अंतरसरकारी फोरम [आईएफसीएस] ने सेनेगल के डकार में इस आशय का एक प्रस्ताव पास किया है। यह बैठक रसायन प्रबंधन पर आयोजित की गई थी। आईएफसीएस की बैठक में भारत के टाक्सिस लिंक नामक गैर सरकारी संगठन ने यह प्रस्ताव पेश किया था। इससे सीसा के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक तय किया जा सकता है, जो अंतत: पेंट्स से इस हानिकारक तत्व को अलग कर देगा। विकसित देशों ने काफी पहले ही पेंट्स से सीसा को विस्थापित कर दिया है। भारत जैसे विकासशील देशों में केवल वैश्विक प्रयास से जहरीले तत्व को पेंट्स से अलग किया जा सकता है। इस कदम से दुनिया के कई देशों को अपने यहां विशिष्ट रेगुलेशन बनाने के लिए मार्ग प्रशस्त होगा, जो अभी पर्याप्त नहीं है। टाक्सिस लिंक ने पिछले साल घरेलू उपयोग के लिए भारत में उपलब्ध विभिन्न ब्रांडों के पेंट्स में सीसा के स्तर पर एक अध्ययन करवाया था। अध्ययन में पाया गया कि पेंट्स के लोकप्रिय ब्रांडों में केवल एक को छोड़कर सीसा की मात्रा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृत मानक से ज्यादा थी। सीसा मिश्रित पेंट्स च्च्चों के स्वास्थ्य, खासकर तंत्रिका तंत्र के लिए काफी नुकसानदेह होता है। पर्यावरणविदों के अनुसार बच्चों का शरीर वयस्कों की तुलना में सीसा के प्रति ज्यादा संवेदनशील होता है।

No comments: